सीकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की उपनिदेशक प्रियंका पारीक के घर पर मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह के वरिष्ठजनों के घरेलू काम करने का वीडियो सामने आया है। आरोप है कि वीडियो वायरल होने के बाद विभाग की उपनिदेशक ने वरिष्ठजन को भगा दिया। आरोप यह भी है कि उपनिदेशक के घर जो रोजाना वरिष्ठजनों को लेकर जाताा था उस पर कई तरह के आरोप लगाते हुए गृह के कर्मचारियों ने पिटाई की और मोबाइल छीन लिया।
वायरल वीडियो में समाज कल्याण विभाग की उपनिदेशक प्रियंका पारीक के राधाकिशनपुरा िस्थत मकान पर एक वरिष्ठजन काम कर रहा है। एक वीडियो में वह झाडू लगाते हुए दिख रहा है तो एक वीडियो में अन्य काम करते हुए दिख रहा है। पिछले 15 दिनों से इस वायरल वीडियो में जो व्यक्ति काम करता हुआ दिख रहा है वह पहले मुख्यमंत्री पुनर्वास गृह में ही रहता था। जैसे ही वीडियो वायरल हुए तो उप निदेशक ने उस वरिष्ठजन को और कही भिजवा दिया। इससे पहले भी मुख्यमंत्री पुनर्वास के कई वरिष्ठजनों ने घर नहीं भेजने का आरोप लगाया था।
पिछले दिनों कलक्टर ने भी लगाई थी फटकार
पिछले दिनों जिला कलक्टर आशीष मोदी ने भी विभागीय योजनाओं की जानकारी नहीं होने के मामले में समाज कल्याण विभाग की उपनिदेशक प्रियंका पारीक को फटकार लगाई थी। दरअसल, कलक्टर ने सम्पर्क पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने वाले फरियादियों को खुद जिला कलक्टर फोन कर रहे थे। इस दौरान जिला कलक्टर ने जब छात्रवृत्ति व पेंशन अटकने के लिए विभाग की ओर से शुरू की वाट्सएप सुविधा के बारे में डीडी प्रियंका पारीक से पूछा तो वह जानकारी नहीं दे सकी थी। इस पर जिला कलक्टर ने डीडी को फटकार लगाई थी।





