
सीकर। राजस्थान के स्कूलिंग स्तर के विद्यार्थियों के लिए पहली बार बड़े स्तर पर ओलंपियाड आयोजित किया जा रहा है। रिवाइंस ओलंपियाड में कक्षा 4 से 10वीं तक के विद्यार्थी हिस्सा ले सकेंगे। परीक्षा पूरी तरह ऑनलाइन होगी। विद्यार्थी अपने घर या किसी भी सुविधाजनक स्थान से इसमें शामिल हो सकेंगे। आयोजकों के अनुसार, ओलंपियाड की परीक्षा 25 अक्टूबर और 15 नवंबर को आयोजित की जाएगी। परीक्षा के बाद विद्यार्थियों का रिजल्ट वेबसाइट पर जारी किया जाएगा।
कक्षा 4 से 7 तक 50 सवाल, एक घंटे का पेपर
कक्षा 4, 5, 6 और 7 के विद्यार्थियों के लिए एक घंटे की परीक्षा होगी। इसमें कुल 50 ऑब्जेक्टिव टाइप सवाल पूछे जाएंगे। प्रश्नपत्र में गणित, विज्ञान, रीजनिंग, हिंदी, अंग्रेजी और सामाजिक विज्ञान (SST) को शामिल किया जाएगा। वहीं, कक्षा 8, 9 और 10वीं के विद्यार्थियों की परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसके लिए विद्यार्थियों को डेढ़ घंटे का समय मिलेगा। इस वर्ग में भी ऑब्जेक्टिव टाइप प्रश्न पूछे जाएंगे।
ग्रामीण बच्चों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना उद्देश्य
संस्थान के निदेशक रंगलाल ने बताया कि ओलंपियाड का उद्देश्य राजस्थान के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को शुरुआती स्तर से ही कॉम्पिटेटिव माइंडसेट के साथ तैयार करना है। उन्होंने कहा कि बच्चों को भविष्य में NEET, JEE और सिविल सर्विसेज जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए मजबूत आधार देने की दिशा में यह पहल की जा रही है। ओलंपियाड के माध्यम से विद्यार्थियों की विषयगत समझ, रीजनिंग और प्रतियोगी परीक्षा के अनुरूप सोचने की क्षमता को परखा जाएगा।
घर बैठे ऑनलाइन दे सकेंगे परीक्षा
ओलंपियाड में शामिल होने के लिए विद्यार्थी रिवाइंस ओलंपियाड की वेबसाइट के जरिए ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके अलावा संस्थान से संपर्क कर भी आवेदन से जुड़ी जानकारी ली जा सकती है।आयोजकों के मुताबिक, ऑनलाइन परीक्षा होने के कारण विद्यार्थियों को किसी परीक्षा केंद्र पर जाने की जरूरत नहीं होगी। वे कहीं से भी ऑनलाइन परीक्षा दे सकेंगे।
विजेताओं को 5 करोड़ रुपए तक कि स्कॉलरशिप और 1 लाख रुपए तक के कैश रिवॉर्ड का दावा
आयोजकों ने बताया कि ओलंपियाड में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को 1 लाख रुपए तक के कैश रिवॉर्ड दिए जाएंगे। आयोजकों का कहना है कि ओलंपियाड का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों की प्रतिभा को परखना नहीं, बल्कि उन्हें कम उम्र से ही प्रतियोगी माहौल से जोड़ना और भविष्य की बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए तैयार करना है।






