हरीश गुर्जर @ सीकर राजस्थान में घने कोहरे ने एक बार फिर जानलेवा रूप ले लिया। सीकर जिले के रींगस-खाटूश्यामजी सड़क मार्ग पर रविवार देर रात सवारी वाहन और कार की आमने-सामने की भिड़ंत में दो दोस्तों समेत तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही रींगस पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया।
देर रात कोहरे में हुआ हादसा
पुलिस के अनुसार यह भीषण सड़क हादसा रविवार रात करीब 2 बजे चौमू पुरोहितान और संतोषपुर के बीच हुआ। घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम थी, इसी दौरान सवारी वाहन और कार की आमने-सामने से टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है—
अजय देवंदा, निवासी रींगस (सवारी वाहन चालक)
गौरव सैनी, निवासी जयपुर (कार सवार)
अजय सैनी, निवासी सवाई माधोपुर (कार सवार)
चार घायलों में एक जयपुर रेफर
कार में सवार चार से पांच श्रद्धालु बाबा श्याम के दर्शन के लिए खाटूश्यामजी जा रहे थे, जबकि सवारी वाहन चालक यात्रियों को उतारकर रींगस की ओर लौट रहा था। हादसे में घायल चार लोगों में से तीन को रींगस अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि एक गंभीर घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जयपुर रेफर किया गया है।
छह साल में तीन दर्जन मौतें, फिर भी सिस्टम खामोश
रींगस-खाटूश्यामजी मार्ग लगातार हादसों का गवाह बन रहा है। पिछले छह वर्षों में इस सड़क पर करीब तीन दर्जन लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद पुलिस और परिवहन विभाग अब तक कोई स्थायी ट्रैफिक व्यवस्था लागू नहीं कर पाए हैं।
हर हादसे के बाद कुछ दिनों तक चालान और वाहन जांच अभियान चलाकर मामला ठंडे बस्ते में डाल दिया जाता है।
स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं का कहना है कि यदि समय रहते स्पीड कंट्रोल, चेतावनी बोर्ड, रिफ्लेक्टर और स्थायी पुलिस व्यवस्था नहीं की गई, तो इस मार्ग पर हादसों का सिलसिला यूं ही जारी रहेगा।
