सीकर जिले के फतेहपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह घने कोहरे के चलते एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। ठेडी और गोड़िया गांव के बीच एक स्कूल बस और निजी एंबुलेंस की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि एंबुलेंस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि एंबुलेंस चालक की मौके पर ही मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि स्कूल बस ठेडी गांव से बच्चों को लेकर फतेहपुर स्थित स्कूल जा रही थी। बस में करीब 25 छात्र सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही रामगढ़ शेखावाटी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना हैडकांस्टेबल राम कुमार के अनुसार यह दुर्घटना सुबह करीब 8:15 बजे हुई।
गनीमत रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित रहे। हादसे के बाद बच्चों को दूसरी बस की मदद से स्कूल भेज दिया गया। स्कूल बस फतेहपुर के एमआरजे साइंस स्कूल की बताई जा रही है।
वहीं, मृतक एंबुलेंस चालक की पहचान करौली जिले के वामनपुरा परसाई निवासी 25 वर्षीय रामूराम माली के रूप में हुई है। वह एंबुलेंस लेकर जयपुर की ओर जा रहा था। चालक के शव को फतेहपुर के सरकारी धानूका अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।
