आशिष चौधरी @ जयपुर राजधानी के चौमूं में 25 दिसंबर को हुए बवाल के बाद प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अब आरोपियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। शुक्रवार सुबह से पुलिस-प्रशासन ने इमाम चौक जाने वाले मार्ग और पठानों के मोहल्ले में अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाना शुरू कर दिया।

दरअसल, 25 दिसंबर को चौमूं बस स्टैंड स्थित मस्जिद के बाहर लोहे की रेलिंग लगाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था। देखते ही देखते मामला बिगड़ गया और उपद्रवियों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। इस घटना में 6 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे। हालात तनावपूर्ण होने के चलते प्रशासन को दो दिनों तक इंटरनेट सेवाएं भी बंद करनी पड़ी थीं।
24 आरोपियों के घरों पर कार्रवाई
पुलिस ने पथराव में शामिल 24 आरोपियों के घरों पर पहले ही नोटिस चस्पा कर तीन दिन में जवाब मांगा था। नोटिस की अवधि 31 दिसंबर को पूरी होने के बाद आज ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत कार्रवाई शुरू की गई है। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पथराव मामले में गिरफ्तार आरोपी
चौमूं पुलिस ने मामले में सख्ती दिखाते हुए मुख्तार अली, आकिब, मोहसीन खान, उमरबेग, जहीन खान, हैदर अली, समीर, आबिद, सलमान, अरबाज, कामरान, ताहिर आलम, जाबाज, फरदीन, शाहरुख, फैजान खान, जावेद खान, जावेद कुरैशी और वसीम कुरैशी सहित कुल 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई जारी है।

अवैध निर्माणों पर पहले दिया गया था नोटिस
नगर परिषद चौमूं के सहायक लेखाधिकारी सुनील कुमार स्वामी ने बताया कि 29 दिसंबर को परिषद की ओर से 20 अवैध बूचड़खानों और 4 अवैध निर्माणों को नोटिस जारी किए गए थे। जिन लोगों ने वैध दस्तावेज पेश नहीं किए, उनके खिलाफ आज कार्रवाई की जा रही है।

सुबह 8 बजे शुरू हुई कार्रवाई
कार्रवाई स्थल पर डीसीपी वेस्ट हनुमान प्रसाद मीणा, अतिरिक्त डीसीपी राजेश गुप्ता, आईपीएस उषा यादव, चौमूं थाना प्रभारी प्रदीप शर्मा सहित कई थानों के एसएचओ मौजूद हैं। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

खबरों के लिए सबसे भरोसेमंद प्लेटफॉर्म है AC NEWS INDIA नेटवर्क